घरेलू विवाद में महिला सपा नेता ने फांसी लगाकर किया सुसाइड
प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह को महिला की आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।;
मुजफ्फरनगर। घर में होने वाली कलह से बुरी तरह तंग आई महिला सपा नेता ने फांसी के फंदे पर झूलकर सुसाइड कर लिया है। घर के भीतर महिला नेता द्वारा लगाई गई फांसी की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है।
शहर के खालापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले दीपक की शादी वर्ष 2017 में दीपा नामक महिला के साथ हुई थी। बृहस्पतिवार की रात दीपा ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी है। परिजनों द्वारा दी गई सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फांसी के फंदे पर झूल रहे महिला के शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान के अनुसार परिजनों की शिकायत पर मृतका के पति दीपक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
उन्होंने बताया की प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह को महिला की आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।