नदी में नहाते समय पानी में समाये 3 किशोर-एक लापता

खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से नदी में लापता हुए किशोर की तलाश शुरू कराई।

Update: 2021-08-01 06:12 GMT

अयोध्या। सरयू तट पर हुए एक बड़े हादसे में नहाते समय तीन किशोर अचानक नदी की गहराइयों में समा गए। घाट के किनारे मौजूद एक व्यक्ति ने अपनी जान पर खेलते हुए दो किशोरों को तो किसी तरह नदी से बाहर निकालकर बचा लिया। लेकिन एक किशोर का पता नहीं चल पाया है। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से नदी में लापता हुए किशोर की तलाश शुरू कराई। 

दरअसल रविवार को अयोध्या के पड़ोसी जनपद बाराबंकी के सैदखानपुर गांव से अयोध्या घूमने आए तीन किशोर सवेरे के समय सरयू नदी के मुख्य घाट से दूर सुनसान घाट पर नदी में स्नान कर रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि नदी में नहाते समय किशोर पानी में उछलकूद कर रहे थे। इन दिनों पहाड़ी क्षेत्रों में बरसात होने के कारण अयोध्या में नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। जिसके चलते सरयू नदी खतरे के निशान के करीब होकर बह रही है। ऐसे में नदी के किनारों पर भी काफी गहराई तक पानी है। अठखेलिया करते हुए नदी में नहा रहे किशोरों को इस बात का अंदाजा नहीं था। नहाते समय तीनों किशोर एक के बाद एक करके नदी के गहरे पानी में समाने लगे। पास में ही रहने वाले व्यक्ति कविराज की निगाहें पानी में समा रहे किशोरो पर पड गई और उन्होंने अपनी जान पर खेलकर दो किशोरों को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाल लिया है। जबकि एक किशोर लापता है। नदी से बाहर निकाले गए किशोरों को अस्पताल भेज दिया गया है। जबकि पुलिस टीम लापता हुए तीसरे किशोर की तलाश कर रही है।

Tags:    

Similar News