पुलिस को बताई सच्चाई- बदमाशों ने कर दिया बुजुर्ग का कत्ल
पुलिस को सच्चाई बताना एक बुजुर्ग को इतना भारी पड़ा कि उसका कत्ल कर दिया गया। कत्ल बड़े ही खौफनाक तरीके से किया गया।;
झांसी। पुलिस को सच्चाई बताना एक बुजुर्ग को इतना भारी पड़ा कि उसका कत्ल कर दिया गया। कत्ल बड़े ही खौफनाक तरीके से किया गया। आरोपी द्वारा बिसौले से ताबड़तोड सिर, आंख और नाक पर प्रहार किये गये। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को दे दिया है। पुलिस अब मामले की जांच पडताल में जुट गई है।
गौरतलब है थाना मोंठ क्षेत्र के गांव सेना के रहने वाले मृतक बुजुर्ग परमलाल के पुत्र ने जानकारी देते हुए बताया कि मेरे पिता गांव के बाहर मकान मे रहते थे और गुटखा-सिगरेट बेचते थे। बुधवार की शाम को गांव का निवासी हरिसिंह वर्मा शराब पीकर पडोसी छिन्गे को गाली दे रहा था। विवाद बढ़ने पर छिन्गे ने डायल 112 को कॉल कर पुलिस बुला ली। इसी बीच मृतक परमलाल ने पुलिस को बताया कि गलती हरिसिंह की है। यह शराब पीकर सभी को गाली दे रहा है। इसके बाद पुलिस उन्हें समझाकर चली गई थी।
इससे आगे मृतक के पुत्र ने बताया कि रात को खाना खाकर पिता परमलाल और उसकी मां लाड़कुंवर सो गये। देर रात करीब 11ः30 बजे आरोपी हरिसिंह बाउंड्री फांदकर आया और सोते हुए पिता पर बसूले से जानलेवा हमला कर दिया। पिता की सिर, आंख और नाक पर ताबड़तोड़ प्रहार कर काट दिये। इसी बीच मां जाग गई और मां चिल्लताी हुई बाहर भागी। आरोपी भागने लगा तो ग्रामीणों ने आरोपी को घेरकर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ कर रही है।