इस विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध रहेगा जारी
विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गई है।;
चंडीगढ। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने रविवार को स्पष्ट किया कि भारत-पाकिस्तान के बीच घोषित संघर्ष विराम के पाकिस्तान की तरफ से किए जा रहे उल्लंघनों के कारण स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों की छुट्टियों पर 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई के रूप में सात मई को पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर चलाए जाने के एक दिन बाद गुरुवार को लगाया गया था। दोनों देशों के बीच चार दिन की तनावपूर्ण माहौल के बीच शनिवार को संघर्ष विराम की घोषणा की गई। हालांकि आरोप है कि घोषणा के कुछ घंटे बाद भी पाकिस्तान संघर्ष विराम का उल्लंघन करता रहा, जिसका जवाब भी भारतीय सेनाओं ने दिया।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री ने रविवार को स्पष्ट किया कि विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों की किसी भी तरह की छुट्टियाँ रद्द की जाती हों चाहे वह अर्जित अवकाश हो या फिर बाल देखभाल अवकाश या फिर असाधारण अवकाश। इस बीच अधिकारी और कर्मचारी अपना केंद्र अथवा जिला भी नहीं छोड़ सकते। सरकारी आदेश में स्पष्ट किया गया है, जो अधिकारी/कर्मचारी पहले से छुट्टी पर हैं, वह तुरंत प्रभाव से अपने कार्य पर लौटें। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गई है।