फौजी को पीटने वाले बदमाश बाप को गोली लगते ही बेटे का सरेंडर
घेराबंदी किए जाने पर बाप बेटे की बाइक पुलिस से बचने की हड़बड़ाहट में फिसल कर गिर गई।
झांसी। फौजी को पीटकर तुर्रम खान समझने वाले हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने एनकाउंटर में गोली मारकर अरेस्ट कर लिया है। बाप को गोली लगने की जानकारी मिलते ही घबराए बेटे ने सरेंडर कर दिया है। एक महीने से पुलिस दोनों को तलाश कर रही थी।
सोमवार को एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह बताया है कि इसी महीने की 9 अगस्त को रिटायर्ड फौजी वीर भूषण सिंह के साथ भटगांव के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर फिरोज उर्फ जंगी तथा उसके बेटे आशिक तथा दूसरे बेटे ने मारपीट कर दी थी।
उसी समय से सदर बाजार थाना पुलिस फरार हुए आरोपियों की तलाश में दौड़ धूप कर रही थी। रविवार को देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की हिस्ट्रीशीटर फिरोज अपने बेटे आशिक के साथ बाइक पर सवार होकर भगवंतपुर गांव की तरफ आने वाला है।
मुखबिर से जानकारी मिलते ही स्वाट टीम प्रभारी जितेंद्र तक्खर और सदर बाजार थाना अध्यक्ष प्रकाश सिंह ने पुलिस टीम के साथ भगवंतपुर के पास चेकिंग अभियान चलाना शुरु कर दिया। बाइक पर सवार होकर आते दिखाई दिए बाप बेटे को जब पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किया गया तो वह बाइक की रफ्तार बढ़ाकर जंगल की तरफ भाग लिए।
घेराबंदी किए जाने पर बाप बेटे की बाइक पुलिस से बचने की हड़बड़ाहट में फिसल कर गिर गई। पीछा कर रही पुलिस पर फायर करते हुए दोनों वहां से भागने लगे।
लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर फिरोज पर जब जवाबी कार्यवाही की तो पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। बाप को गोली लगते ही बेटे आशिक की हिम्मत जवाब दे गई और उसने सरेंडर कर दिया। एसपी सिटी ने बताया है कि मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए फिरोज पर जान लेवा हमला करने, एनडीपीएस एक्ट समेत कई अन्य धाराओं में 20 मुकदमे दर्ज है और वह सदर बाजार थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
बाप बेटे पर पुलिस टीम के ऊपर हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया है कि तीसरे आरोपी को भी पुलिस द्वारा जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।