अनुराग कश्यप ने खोला फिल्म निशानची के टाइटल का राज़!
फिल्म का असल टाइटल पहले कुछ और रखा गया था, जिसे बाद में उसे बदलकर निशानची रखा गया।
मुंबई, बॉलीवुड फिल्मकार अनुराग कश्यप ने बताया है कि उनकी आने वाली फिल्म निशानची का टाइटल कैसे तय हुआ।
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज़ इंडिया की फिल्म निशानची को अनुराग कश्यप ने निर्देशित किया है। इस फिल्म में ऐश्वर्य ठाकरे और वेदिका पिंटो की नई जोड़ी नजर आने वाली है। फिल्म के टाइटल को दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है। अनुराग कश्यप ने खुलासा किया है कि फिल्म का असल टाइटल पहले कुछ और रखा गया था, जिसे बाद में उसे बदलकर निशानची रखा गया।
अनुराग कश्यप ने बताया कि, “शुरू में फिल्म का टाइटल बबलू निशानची, रंगीली रिंकू और डबलू रखा गया था, जिसपर सबने कहा कि ये टाइटल बहुत बड़ा है। कैसे आखिरकार इसका टाइटल निशानची बना और फिल्म का नाम फाइनल हुआ, यही इसकी कहानी है।”
फिल्म निशानची में ऐश्वर्य के दोनों किरदार बबलू और डबलू जुड़वां भाई हैं, जबकि रिंकू यानी वेदिका पिंटो का किरदार है। फिल्म में बबलू गहराई से रिंकू से प्यार करता है, लेकिन एंट्री होती है डबलू की और उससे हालात बदल जाते हैं। इस तरह से कहानी में टकराव के साथ ड्रामा शुरू हो जाता है। अनुराग कश्यप ने हाल ही में ये भी बताया है कि निशानची पर काम करते हुए उन्हें ऐसा लगा जैसे वो अपनी असली कहानी कहने की जड़ों में लौट आए हों, और अपनी फिल्ममेकिंग के उस रॉ अंदाज को फिर से जिया हो।
फिल्म निशानची ऐश्वर्य ठाकरे की एक्टिंग की शुरुआत है, जो एक दमदार डबल रोल में दिखेंगे। उनके साथ फिल्म में वेदिका पिंटो, मोनिका पंवार, मोहम्मद जीशान अय्यूब और कुमुद मिश्रा भी अहम किरदारों में हैं। फिल्म 'निशानची' के निर्माता अजय राय और रंजन सिंह हैं। यह फिल्म जार पिक्चर्स और फ्लिप फिल्म्स के बैनर तले बनी है।इसकी कहानी प्रसून मिश्रा, रंजन चंदेल और अनुराग कश्यप ने लिखी है। फिल्म निशानची 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।