मुर्मु, राजनाथ और शाह ने PM मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

उन्होंने भारत का सामर्थ्य और सम्मान, पूरे विश्व पटल पर बढ़ाया है।"

Update: 2025-09-17 03:49 GMT

नई दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

श्रीमती मुर्मु ने अपने संदेश में कहा, "भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।"

सिंह ने कहा, "भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके 75वें जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से मोदीजी ने भारत को नई ऊर्जा, नई दिशा दी है। उन्होंने भारत का सामर्थ्य और सम्मान, पूरे विश्व पटल पर बढ़ाया है।"

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता, कल्पनाशीलता के साथ-साथ अपनी संवेदनशीलता का भी परिचय दिया है। गरीब कल्याण और लोक कल्याण के प्रति जो उनकी प्रतिबद्धता है, वह अपने आप में एक मिसाल है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ मोदी जी देश को आत्मनिर्भरता, विकास और समृद्धि की दृष्टि से मज़बूती दे रहे हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा प्राप्त हो ताकि वह भारत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में लगातार सफल सिद्ध हों।

श्री शाह ने कहा, " समस्याओं को दूरदृष्टि से देखना और उनका पूरी निष्ठा से समाधान करना मोदी जी के व्यक्तित्व की खासियत है। पूरा विश्व उन्हें प्रॉब्लम-सॉल्विंग लीडर मानता है। युद्धों, तनावों और ग्लोबल लॉबी के दौर में मोदी जी पूरी दुनिया के सामने संवाद-सेतु बनकर उभरे हैं। इसी कारण दुनिया के 27 देशों ने विश्व-मित्र मोदी जी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। यह उनकी वैश्विक लीडरशिप का द्योतक है।"

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी मोदी के 75वें जन्मदिन पर देशभर में सेवा पखवाड़ा का आयोजन कर रही है। इसके अलावा अनेक संगठन भी देश के अलग-अलग हिस्सों में कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News