भाजपा की सरकार में दिल्ली की कानून व्यवस्था बदहाल- संजीव झा

इससे दिल्ली की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।;

Update: 2025-08-09 13:49 GMT

नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते आपराधिक घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा भाजपा की चार इंजन की सरकार में दिल्ली की कानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है और रोज हो रही हत्या, लूटपाट और ड्रग्स बिकने की घटनाओं का संज्ञान लेने वाला कोई नहीं है।

आप विधायक संजीव झा ने संवाददाता सम्मेलन में आज कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था की हालत बहुत बदतर हो चुकी है। रोज कहीं न कहीं हत्याएं, लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। उऩ्होंने कहा कि आज करावल नगर में हत्या की घटना हुई है। इसी तरह रोज पूरी दिल्ली में कहीं हत्या और लूटपाट जैसी गंभीर आपराधिक घटनाएं सुनने को मिलती हैं। जंगपुरा में रहने वाली बॉलीबुड की अभिनेत्री के भाई की हत्या कर दी गई।

उन्होंने कहा कि सोमवार से शुक्रवार तक दिल्ली विधानसभा का सत्र चला। हम विधानसभा सत्र में लगातार दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा की मांग कर रहे थे। पांच दिन के मानसून सत्र में दिल्ली की जनता से जुड़े मुद्दों पर एक बार भी चर्चा नहीं हुई। भाजपा सरकार ने पांच दिन के सत्र में सिर्फ राजनीतिक प्रोपेगंडा करके समय खराब किया गया। इससे दिल्ली की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

इस दौरान आप नेता कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली में जब से भाजपा की चार इंजन की सरकार आयी है, दिल्लीवालों पर विपदा पर विपदा आ रही है। देश की राजधानी की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र सरकार के पास है और अब तो भाजपा की दिल्ली के अंदर सरकार भी है। इसके बावजूद आज दिल्ली अपराधियों का अड्डा बन चुकी है। राजधानी के लोगों में डर का माहौल है। सात अगस्त को शकरपुर इलाके में दिन-दहाड़े एक युवती को सड़क पर पीछे से आकर एक व्यक्ति ने उसका गला दबाया और गाड़ी के ओट में ले जाकर उसका कुंडल और चेन छीन लेता है। युवती मौके पर बेहोश हो जाती है। पीछे से एक मोटरसाइकिल आयी और उस पर बैठ कर दोनों लोग फरार हो गए। आज दिल्ली की कानून व्यवस्था की यह स्थिति है। हमारी बहन-बेटियां स्कूल या नौकरी पर जाती हैं तो उनके दिल में डर होता है कि कहीं कोई उनका गला न दबा दे। दिल्ली में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। पुलिस का अपराधियों में कोई डर नहीं है।

Tags:    

Similar News