भाजपा का आरोप, देश का विकास देखकर कांग्रेस को होता है दर्द

इस बार देश के लोगों के लिए पिछले साल की सबसे शानदार दीपावली होने वाली है।;

Update: 2025-08-19 15:30 GMT

नई दिल्ली, देश की अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस के हमलों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि देश के विकास देखकर मुख्य विपक्षी दल को दर्द होता है।

भाजपा प्रवक्ता जफर इस्लाम ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत अर्थव्यस्था के मोर्चे पर मजबूत और स्थिर है। विदेशी मुद्रा भंडार और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह के आंकड़ों का हवाला देते हुये उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जीएसटी दरों में कमी करने जा रही है और इस बार देश के लोगों के लिए पिछले साल की सबसे शानदार दीपावली होने वाली है।

इस्लाम ने कहा कि जब लोग कहते हैं कि भारत एक चमकता सितारा है तो "कांग्रेस को दर्द होता है" क्योंकि साल 2004 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बहुत मजबूत अर्थव्यवस्था संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) को सौंपी थी, लेकिन 2014 में जब संप्रग से जब राजग के पास वापस सत्ता आयी तो अर्थव्यवस्था के सूक्ष्म मानक बहुत ही खराब हालात में थे।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने सोमवार को आरोप लगाया था कि मोदी सरकार के नोटबंदी और जीएसटी लागू करने के फैसलों से देश की अर्थव्यवस्था खस्ताहाल हो गयी है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि पूर्व की कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था पटरी से उतर गई थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।अमेरिका के आयात शुल्क लगाने के बावजूद दुनिया के अधिकतर संस्थाओं और अर्थशास्त्रियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर सकारात्मक राय रखी है।

उन्होंने कहा, “आज भारत की मुद्रास्फीति दुनिया में सबसे कम है। जिस तरह की नीतियां 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनाई हैं, आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि देश की अर्थव्यवस्था न सिर्फ मजबूत हुई है, बल्कि तेजी से दौड़ रही है और दुनिया के सभी संस्थाओं और अर्थशास्त्रियों की तरफ से भी भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर बस सकारात्मक रुझान ही आ रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “आज अमेरिका और ब्रिटेन में मुद्रास्फीति भारत से ज्यादा है। सारी दुनिया मुद्रास्फीति से जूझ रही है, जबकि भारत में यह पूरी तरह से नियंत्रण में है। खाद्य मुद्रास्फीति के बारे में कांग्रेस अक्सर चर्चा करती थी। आज देश में खाद्य मुद्रास्फीति 1.6 फीसदी की पर है, मतलब खाने-पीने की चीजों के दाम काबू में आये हैं।” उन्होंने कहा कि आज भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है।

श्री इस्लाम ने कहा कि विकास और अर्थव्यवस्था में कृषि का बड़ा योगदान है।

अमेरिका के आयात शुल्क लगाने पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश पर इसका प्रभाव नहीं के बराबर होने वाला है। श्री मोदी की नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था 11वें से चौथे स्थान पर आयी है और प्रति व्यक्ति आय में भी बढ़ोतरी हुई है। बेरोजगारी दर सात से घटकर तीन प्रतिशत के करीब रह गयी है।

Tags:    

Similar News