बंदरों को भगाने के लिए अब इंसानों की भर्ती- 8 घंटे करना होगा ऐसा काम
राजधानी में घुसकर उत्पात मचाने वाले बंदरों का मुकाबला करने के लिए विधानसभा प्रशासन की ओर से निकाली गई नई तरकीब के अंतर्गत अब बंदरों को भगाने के लिए इंसानों की भर्ती की जा रही है।
नई दिल्ली। राजधानी में घुसकर उत्पात मचाने वाले बंदरों का मुकाबला करने के लिए विधानसभा प्रशासन की ओर से निकाली गई नई तरकीब के अंतर्गत अब बंदरों को भगाने के लिए इंसानों की भर्ती की जा रही है। भर्ती किए गए लोगों को 8 घंटे की ड्यूटी शिफ्ट के दौरान लंगूर की आवाज निकालनी पड़ेगी।
दिल्ली विधानसभा परिसर में बंदरों के बार-बार घुसकर उत्पात मचाने की समस्या से निपटने के लिए विधानसभा प्रशासन की ओर से निकाली गई नई तरकीब के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग ने लंगूरों की आवाज निकालने वाले लोगों की भर्ती के लिए टेंडर निकाल दिया है।
अधिकारियों के मुताबिक उनके पास पहले भी लंगूर की नकल करने वाले लोग थे लेकिन अब उनका कांट्रेक्ट खत्म हो गया है। जिसके चलते अब बंदरों का मुकाबला करने के लिए इंसानों की भर्ती निकाली गई है। विधानसभा प्रशासन की ओर से अब वर्किंग डे और शनिवार को प्रशिक्षित कर्मचारियों को तैनात करने की योजना के अंतर्गत भर्ती किए गए लोगों को 8 घंटे की शिफ्ट में काम करना होगा।
इस दौरान भर्ती किए गए लोगों को लंगूर की आवाज की नकल करके बंदरों को भगाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। विशेषज्ञ अपने साथ एक लंगूर भी लायेगा।