यूनिवर्सिटी में भ्रष्टाचार पर एक्शन- रिश्वत लेते सहायक रंगे हाथ पकड़ा
इस सिलसिले में प्रधान सहायक के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में खेले जा रहे भ्रष्टाचार के खेल को उजागर करते हुए एंटी करप्शन की टीम ने यूनिवर्सिटी के प्रधान सहायक और कार्यालय अधीक्षक संबद्धता कर्मचारी को₹50000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस सिलसिले में प्रधान सहायक के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एंटी करप्शन की टीम ने उत्तर प्रदेश की दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रधान सहायक देवरिया निवासी डॉक्टर बृजनाथ सिंह उर्फ बी. एन. सिंह को ₹50000 की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। प्रधान सहायक के खिलाफ कुशीनगर के तमकुहीराज क्षेत्र के भरपटिया गांव के रहने वाले संदीप कुशवाहा ने एंटी करप्शन टीम के पास शिकायत की थी।
रामपुर राजा के वैष्णवी महिला कॉलेज की मान्यता और सहआचार्य की नियुक्ति के अनुमोदन के नाम पर प्रधान सहायक के ऊपर ₹50000 की घूस मांगने का आरोप लगाया गया था। एंटी करप्शन की टीम ने यूनिवर्सिटी में छापामार कार्यवाही करते हुए प्रधान सहायक को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए प्रधान सहायक के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।