धोखा खायी जनता देगी भाजपा को जवाब: अखिलेश

नौजवानों को रोजगार का सपना दिखाया, उनकी जिंदगी में अंधेरा भर दिया। महिलाओं और बच्चियों को अपमानित किया

Update: 2021-10-23 12:55 GMT

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार से इतने धोखे खाए हैं कि अब वह उन्हें जवाब देने पर तुल गई है। इंतजार बस 2022 में होने वाले चुनावों का है।

अखिलेश यादव ने शनिवार को डाॅ राममनोहर लोहिया सभागार में एकत्र जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुये कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जो वादे किए उन्हें पूरा नहीं किया। जनता को धोखा देने और उससे छल करने में कोई संकोच नहीं किया। किसान से आय दुगनी करने, फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिलाने का वादा किया पर वादाखिलाफी कर दी। नौजवानों को रोजगार का सपना दिखाया, उनकी जिंदगी में अंधेरा भर दिया। महिलाओं और बच्चियों को अपमानित किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में न तो नौकरियां मिली है और नहीं भ्रष्टाचार कम हुआ है। कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर है। लोगों में असुरक्षा का भाव है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़े दामों से जनता त्रस्त है। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं चौपट हैं। अस्पतालों में न डाक्टर है न दवाएं है। कोरोना के बाद डेंगू का प्रकोप है पर मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है। लोग तड़प-तड़प कर मर रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने बिना कोई काम किए यों ही साढ़े चार वर्ष काट लिए हैं। विकास का कोई काम तो किया नहीं उल्टे जो राष्ट्रीय सम्पत्तियाँ हैं, उनको बेचने का काम शुरू कर दिया है। बैंक, बीमा, रेलवे, बेचने के साथ अब एयरपोर्ट भी बेच रहे हैं। विमान सेवा भी पूंजी घराने की भेंट चढ़ गई है। भाजपा का काम पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाना है।

उन्होने कहा कि सरकार में बैठे लोग गलत है। उनसे जनहित के कामों की उम्मीद नहीं की जा सकती है। भाजपा सिर्फ नफरत फैलाना जानती हैं। सामाजिक सद्भाव और सौहार्द की उससे कल्पना भी कैसे की जा सकती है। जनता जान गई है कि भाजपा लूट और झूठ की राजनीति करती है। उसे 2022 में सत्ता से बेदखल किए बिना लोग चैन से नहीं सो पाएंगे।


वार्ता

Tags:    

Similar News