हिमाचल में ड्रामा जारी- हंगामे के बीच BJP MLA को मार्शलों ने किया बाहर

भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक को मार्शलों द्वारा सदन से उठकर बाहर कर दिया गया है।

Update: 2024-02-28 07:37 GMT

शिमला। राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग के बाद हिमाचल में मचा सियासी भूचाल अभी शांत नहीं हो रहा है। सदन के भीतर मार्शल बुलाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने हंगामा खड़ा कर दिया है। हंगामे के बीच स्पीकर एवं मुख्यमंत्री विधानसभा को छोड़कर बाहर चले गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक को मार्शलों द्वारा सदन से उठकर बाहर कर दिया गया है।

बुधवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा का सदन हंगामे का मैदान बन गया है। भारतीय जनता पार्टी के 15 विधायक जब खुद को निष्कासित किए जाने के विरोध में सदन के भीतर धरना देकर बैठ गए तो उन्हें निकालने के लिए मार्शल बुलाए गए। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री रहे एवं भाजपा विधायक दल के नेता जयराम ठाकुर के साथ मार्शलों की धक्का मुक्की भी हुई एवं विधानसभा स्पीकर कुलदीप कुमार सदन से उठकर बाहर चले गए।

इसी दौरान नैना देवी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रणधीर को चक्कर आ गया, जिसके बाद तुरंत डॉक्टर को बुलाया गया जो एम एल ए की जांच कर रहे हैं। सदन में मचे हंगामे को लेकर चंबा विधानसभा सीट के भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉक्टर जनक को मार्शलों द्वारा उठाकर सदन से बाहर कर दिया गया है। स्पीकर ने हंगामा कर रहे विधायकों से गैलरी खाली करते हुए सदन को शांत करने में कामयाबी प्राप्त की है।

Tags:    

Similar News