11 लोगों की खुली किस्मत-ग्रहण की मंत्री पद की शपथ

उत्तराखंड सरकार के नए मंत्रिमंडल में यदि महिला विधायकों की बात की जाए तो तीरथ सिंह रावत मंत्रिमंडल में भी महिलाओं का प्रतिनिधित्व नहीं बढ़ पाया है।

Update: 2021-03-12 12:57 GMT

देहरादून। राजभवन में आयोजित किए गए समारोह में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के मंत्रिमंडल के मंत्रियों को शपथ ग्रहण कराई गई। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राजधानी में शुक्रवार की सांय राजभवन में आयोजित किए गए शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक सहित सभी संभावित मंत्री पहले से ही राजभवन पहुंच गए थे। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने सबसे पहले सतपाल महाराज को शपथ ग्रहण कराई। उसके बाद बंशीधर भगत ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। सुबोध उनियाल, डॉ हरक सिंह रावत, बिशन सिंह चुफाल, गणेश जोशी, यशपाल आर्य, अरविंद पांडे, यतिस्वरानंद, रेखा आर्य और डा. धन सिंह रावत ने राज्यपाल के हाथों पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।



उत्तराखंड सरकार के नए मंत्रिमंडल में यदि महिला विधायकों की बात की जाए तो तीरथ सिंह रावत मंत्रिमंडल में भी महिलाओं का प्रतिनिधित्व नहीं बढ़ पाया है। वर्ष 2017 में राज्य में हुए विधानसभा के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में चार महिलायें रेखा आर्य, रितु खंडूरी, मीना गंगोला और मुन्नी देवी विधायक के तौर पर जीतकर आई थी। पिथौरागढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में चंद्रा पंत भाजपा की ओर से चुनाव जीतकर राज्य की पांचवीं महिला विधायक बनी थी। इन पांचों विधायकों में से त्रिवेंद्र सिंह रावत कैबिनेट में केवल रेखा आर्य को राज्यमंत्री के रूप में जगह मिल पाई थी। अब तीरथ सिंह रावत मंत्रिमंडल में महिलाओं को उम्मीद थी कि कम से कम 2 सीटों पर तो उन्हें जरूर प्रतिनिधित्व मिलेगा। लेकिन तीरथ सिंह मंत्रिमंडल में भी महिला विधायकों के हाथ निराशा ही लगी।

Tags:    

Similar News