पति से झगड़ा हुआ तो पत्नी की पंखे से लटकी मिली लाश

पति-पत्नी के बीच चल रही कलह के बाद पत्नी का शव मकान के अंदर कमरे में पंखे पर फांसी पर लटका मिला।

Update: 2021-06-18 09:42 GMT

बागपत। किसी बात को लेकर पिछले कई दिनों से पति-पत्नी के बीच चल रही कलह के बाद पत्नी का शव मकान के अंदर कमरे में पंखे पर फांसी पर लटका मिला। महिला के शव को देखते ही घर में बुरी तरह से कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर उसे अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जनपद के कस्बा बड़ौत के समीपवर्ती गांव लौहडडा में संजीव और उसकी पत्नी के बीच पिछले काफी दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार की शाम को सभी परिवारजनों ने खाना खाया और अपने अपने कमरे में जाकर सो गए। शुक्रवार की सवेरे जब संजीव सोकर उठा तो उसने पत्नी का शव पंखे पर लटका हुआ पाया। पत्नी को फांसी पर झूलते हुए देखकर उसके पैरों तले की जमीन निकल गई।

इसी बीच बच्चे भी जाग गए जिन्होंने मां को देखकर चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर-शराबे की आवाज को सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पंखे पर लटके महिला के शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। महिला की मौत के बाद बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि संजीव मेहनत मजदूरी आदि करते हुए अपना व परिवारजनों का पेट पाल रहा है। बड़ौत कोतवाल अजय कुमार शर्मा ने बताया है कि 45 वर्षीय महिला शारदा ने अपने पति के साथ चल रहे विवाद से तंग आकर फांसी लगाते हुए खुदकुशी कर ली है। महिला के 3 बच्चे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। थाने में अभी किसी तरह की कोई तहरीर नहीं दी गई है।

Tags:    

Similar News