नई दिल्ली। दिल्ली बेस्ड भारतीय कंपनी डिटेल इंडिया ने सस्ते फोन और एलईडी बनाने के बाद अब ऐलान किया है कि उन्होंने दुनिया का सबसे सस्ते दो पहिया इलैक्ट्रिक स्कूटर बनाया है। जो 20 पैसे प्रति किमी के खर्च में चलाया जा सकता है। कंपनी का दावा है कि यह दुनिया का सबसे सस्ता इलैक्ट्रिक स्कूटर है। कंपनी ने इसकी कीमत 19,999 रुपए बताई है जिसे इसकी वेबसाइट से खरीदा जा सकता है। कंपनी का कहना है कि एक बार फुल चार्ज करने के बाद इसे 60 किमी तक चलाया जा सकता है। इसकी टॉप स्पीड 25 कि.मी. प्रति घंटा होगी। कंपनी ने इसका नाम डिटेल इजी रखा है। इसकी खासियत है कि इसे बिना लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन के बिना चलाया जा सकता है। यह स्कूटर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा जिनको कम दूरी की यात्रा करनी पड़ती है। इसे पूरा चार्ज होने में 7-8 घंटे का समय लगता है। इस स्कूटर का वजन लगभग 56 किलो है और इसे खरीदने पर इसकी बैटरी की 3 साल तक की वारंटी होगी जबकि इसके मोटर, कंट्रोलर और चार्जर पर एक साल की कंपनी वारंटी दे रही है। कंपनी इसके साथ हेलमेट मुफ्त में दे रही है। इस टू-व्हीकल पर दो लोग सवार हो सकते हैं।