मॉस्को। विपक्ष के नेता एलेक्सी नवेलनी को जहर देने के मामले में रूस घिरता जा रहा है। राजनीतिक स्तर पर तो उसकी आलोचना हो ही रही है अब मॉस्को को आर्थिक झटका भी लग सकता है। जर्मनी ने रूस को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसने मामले की जांच में सहयोग नहीं किया, तो वह जर्मनी-रूस गैस पाइपलाइन परियोजना 'नॉर्ड स्ट्रीम 2' रोकने पर विवश हो जाएगा।
जर्मनी के विदेश मंत्री हीको मास ने कहा है कि हमें उम्मीद है कि रूस बाल्टिक सागर के अंदर बनाई जा रही नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन के संबंध में रुख बदलने के लिए हमें बाध्य नहीं करेगा। जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने भी विदेश मंत्री के बयान का समर्थन किया है। मर्केल पर इस मामले में कड़े कदम उठाने का दबाव है। वरिष्ठ नेता चाहते हैं कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को उसी भाषा में जवाब दिया जाए, जो उन्हें समझ आती है।
एलेक्सी नवेलनी भले ही कोमा से बाहर आ गए हैं, लेकिन 9.5 बिलियन यूरो वाली नॉर्ड स्ट्रीम 2 परियोजना 'कोमा' में जाती दिखाई दे रही है। यह ट्विन पाइपलाइन परियोजना 2,460 किमी लंबी और 2,300 किमी पहले ही पूरी हो चुकी है। पाइपलाइन बाल्टिक सागर के नीचे जाती है और इसे रूसी गैस को जर्मनी और शेष यूरोप में भेजने के लिए डिजाइन किया गया है। मास्को सालाना 110 बिलियन क्यूबिक मीटर प्राकृतिक गैस भेजने पर विचार कर रहा है।