कोरोना का असर-अदालतों के कामकाजी घंटे होंगे कम

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों का असर अब कोर्ट कचहरी के कामकाज पर भी अपना असर दिखाने लगा है।

Update: 2021-02-24 06:52 GMT

नागपुर। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों का असर अब कोर्ट कचहरी के कामकाज पर भी अपना असर दिखाने लगा है। यवतमाल, अमरावती और कुछ अन्य स्थानों पर कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार ने 5 जनपदों की सभी अधीनस्थ अदालतों में अगले आदेश तक कामकाजी घंटों में कमी का निर्णय लिया है। 

मुंबई उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार की ओर से जारी किए गए नोटिस के अनुसार प्रशासनिक न्यायाधीशों की समिति ने यवतमाल, अमरावती, बुलढाणा, अकोला और वाशिम जिलों में अदालतों के कामकाजी घंटों में कमी करते हुए दिन में 5 घंटे करने का बुधवार को फैसला किया है। अमरावती, यवतमाल, बुलढाणा, अकोला और वाशिम जनपद में अदालतें दो सत्रों में काम करेंगी। प्रत्येक सत्र में ढाई घंटे काम किया जाएगा। अदालतों में सवेरे 10.30 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक और फिर दोपहर 1.30 बजे से शाम 4.00 बजे तक कामकाज चलेगा। नोटिस के अनुसार यह स्थिति अगले आदेश तक निरंतर जारी रहेगी।

सरकार के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में मंगलवार को 6218 नए मामले और सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 21,12,312 हो गए हैं। सबसे अधिक 1392 नए मामले अकोला संभाग में सामने आए थे। अमरावती, यवतमाल, बुलढाणा, अकोला और वाशिम जनपद हाल फिलहाल ही कोरोना संक्रमण के नए केंद्र बनकर उभरे हैं।

Tags:    

Similar News