मिली राहत-जनता दर्शन मोबाइल ऐप से होगा समस्याओं का समाधान-मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने एक अभिनव प्रयोग करते हुए समाधान ई-कंप्लेंट ट्रैकिंग पोर्टल और जनता दर्शन मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया।

Update: 2021-02-05 13:56 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक अभिनव प्रयोग करते हुए समाधान ई-कंप्लेंट ट्रैकिंग पोर्टल और जनता दर्शन मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। 

शुक्रवार को राजधानी में समाधान ई-कंप्लेंट ट्रैकिंग पोर्टल और जनता दर्शन मोबाइल ऐप का शुभारंभ करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस नई पहल से जनसमस्याओं का समय पर समाधान हो सकेगा। मोबाइल ऐप के जरिए जनता दर्शन कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रदेश की जनता सीधे सरकार से बात कर सकेगी। उन्होंने कहा कि देश में इस तरह का यह पहला मोबाइल ऐप है जो जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने कहा की ऐप पर मिलने वाली समस्याओं के समाधान की निरंतर गहनता के साथ माॅनीटरिंग की जाएगी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनता की शिकायतों व समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी गतिशील व सरल बनाए जाने के उद्देश्य से एक वेब पोर्टल विकसित कराया है।

जिसके माध्यम से प्रदेश की जनता अपने घर बैठे ही मोबाइल के माध्यम से अपनी शिकायत और समस्या के निराकरण की स्थिति को देख सकती है। इसी पोर्टल के साथ-साथ जनता दर्शन मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है। दरअसल उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मुताबिक पिछले लगभग 10 महीने से कोरोना वायरस की वजह से दूरदराज के क्षेत्रों से अनेक लोग अपनी समस्याएं लेकर लखनऊ नहीं पहुंच पा रहे हैं। जो लोग लखनऊ तक पहंुच भी रहे हैं उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही साथ आने में उनका समय तो लगता ही है और अनावश्यक रूप से उनका धन भी खर्च होता है। यही नहीं कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए पूरी सावधानी बरतनी पड़ती है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मंशा है कि स्थानीय स्तर पर ज्यादा से ज्यादा जनसमस्याओं का समाधान हो जाए। सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम होता रहेगा। लेकिन जो लोग आने में किसी कारण असमर्थ हैं उन्हें यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।



Tags:    

Similar News