CM की सुरक्षा में चूक-कार से उतरते ही पहुंची गाय- सुपरवाइजर सस्पेंड

इस मामले में नगर निगम के सुपरवाइजर को सस्पेंड कर दिया गया है।

Update: 2025-12-21 10:58 GMT

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में लापरवाही का मामला एक बार फिर से सामने आया है। ओवर ब्रिज का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री के कार से उतरते ही एक गाय दौड़ती हुई वहां पर पहुंच गई। अलर्ट हुए जवानों ने गाय को घेर कर रोका और दूसरी तरफ भगा दिया। इस मामले में नगर निगम के सुपरवाइजर को सस्पेंड कर दिया गया है।

दरअसल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार की देर शाम गोरखपुर में ओवर ब्रिज का उद्घाटन करने के लिए मौके पर पहुंचे थे।

जैसे ही मुख्यमंत्री की कार रुकी तो उससे पहले सांसद रवि किशन उतरे, उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाड़ी से अपने पैर बाहर निकाले।

इसी दौरान एक गाय दौड़ती हुई मुख्यमंत्री की गाड़ी के पास पहुंच गई, जिस समय गाय मुख्यमंत्री की तरफ बढ़ रही थी तो उनकी सुरक्षा में तैनात जवान अलर्ट मोड पर आ गए और उन्होंने गाय को घेर कर रोका तथा उसे दूसरी तरफ भगा दिया।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा के चूक के इस मामले की शुरुआती जांच में गोरखनाथ इलाके के नगर निगम सुपरवाइजर अरविंद कुमार की लापरवाही सामने आई है, जिसके चलते सुपरवाइजर को सस्पेंड कर दिया गया है।

निलंबित किए गए सुपरवाइजर पर पूरे एरिया में नगर निगम से जुड़े कामों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी थी। इस घटना का वीडियो रविवार को सामने आया है।

Tags:    

Similar News