जॉगर के यौन उत्पीड़न मामले में दोषी को एक साल की हुई कैद
मुकदमे के दौरान अदालत ने विभिन्न गवाहों से पूछताछ की और आरोपी को दोषी पाया।
मुंबई, मुंबई के अंधेरी इलाके की एक स्थानीय अदालत ने एक महिला धावक (जॉगर) का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को एक साल की कैद की सजा सुनाई है। एक वकील ने आज यहां यह जानकारी दी।
मजिस्ट्रेट अदालत ने आरोपी नरेश कोल को दोषी ठहराते हुए कहा कि दुर्व्यवहार को शुरुआत में ही रोक दिया जाना चाहिए और किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतनी चाहिए। अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह घटना 21 मार्च को रात करीब 8 बजे हुई जब महिला एक गली में जॉगिंग कर रही थी।
जॉगिंग के दौरान एक अजनबी ने अचानक उसे पीछे से पकड़ लिया, उसका यौन उत्पीड़न किया और उसे जंगल में घसीटने की कोशिश की। वह चीखी, तो एक मोटरसाइकिल सवार उसे बचाने आया और आरोपी को पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने कोल को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमे के दौरान अदालत ने विभिन्न गवाहों से पूछताछ की और आरोपी को दोषी पाया।
अदालत ने कहा, "हालांकि आरोपी एक युवा है। उसने ऐसा अशोभनीय कृत्य करके समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को ख़तरा पैदा किया है।"