भाजपा नेताओं पर आरोप लगाने वाला पार्षद को दिखाया बाहर का रास्ता
नायक सिंह सैनी के नाम 7 पन्नों का एक नोट छोड़ने के बाद लापता हो गए थे।
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव को कान का कच्चा बताते हुए मुख्यमंत्री के नाम चिट्ठी लिखकर लापता होने के बाद खाटू श्याम मंदिर में मिले भाजपा पार्षद को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। आरोप लगाने वाले पार्षद को संगठन के विरुद्ध कार्य करने एवं पार्टी विरोधी गतिविधियों में सम्मिलित होना बताते हुए पार्टी से निष्कासित किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी के हरियाणा प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी सुरेंद्र पूनिया की ओर से अनुशासनहीनता के मामले को लेकर की गई एक बड़ी कार्यवाही के अंतर्गत झज्जर के भाजपा पार्षद संजय जांगड़ा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
प्रदेशीय महामंत्री की ओर से जारी किए गए निष्कासन पत्र में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के संविधान एवं कार्य प्रणाली के विरुद्ध जाकर कार्य करने की वजह से संजय जांगड़ा को पार्टी के सभी दायित्व से मुक्त कर दिया गया है।
संगठन के विरुद्ध कार्य करने एवं पार्टी विरोधी गतिविधियों में सम्मिलित पाए जाने की वजह से पार्षद को पार्टी से निष्कासित किया गया है। यह निष्कासन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित किए गए पार्षद संजय जांगड़ा पिछले दिनों मुख्यमंत्री नायक सिंह सैनी के नाम 7 पन्नों का एक नोट छोड़ने के बाद लापता हो गए थे।
मुख्यमंत्री के नाम लिखी गई चिट्ठी में पार्षद संजय जांगड़ा ने भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ को कान का कच्चा नेता बताने के साथ झज्जर के जिला परिषद अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि इन लोगों ने उसके वार्ड में काम नहीं होने दिए।