CM योगी का कांग्रेस- सपा पर हमला, भक्तों को किया था लहूलुहान
आज वही अयोध्या नव्य और दिव्य होकर देश और दुनिया को आकर्षित कर रही है।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या के भव्य और दिव्य दीपोत्सव को समृद्धि और सुशासन का प्रतीक बताने के साथ पूर्ववर्ती सपा और कांग्रेस की सरकारों पर तीखी टिप्पणी की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या को विदेशी आक्रांताओं ने अपमानित किया था, जहां जन्म लेने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अस्तित्व को कांग्रेस की सरकारों ने नकारने का कुत्सित प्रयास किया था और सपा सरकार ने रामभक्तों को लहूलुहान करते हुए कई षड्यंत्र किए थे। आज वही अयोध्या नव्य और दिव्य होकर देश और दुनिया को आकर्षित कर रही है।
योगी सोमवार को वनटांगिया गांव जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में वनवासियों के साथ दीपावली मनाने पहुंचे थे। उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री लगातार नौवीं बार वनटांगियों के साथ दीपपर्व की खुशियां साझा कीं। श्रीअयोध्याधाम में रविवार को दीपोत्सव का नया विश्व कीर्तिमान रचने के बाद सोमवार पूर्वाह्न वनटांगिया गांव तिकोनिया नंबर तीन पधारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए 49 करोड़ रुपये की 133 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए योगी ने कहा कि कल अयोध्या के दीपोत्सव की भव्यता और दिव्यता देखते ही बन रही थी। व्यक्ति जब पुरुषार्थ करता है, अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करता है, पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखता है तो उल्लास और उमंग का दिव्य आयोजन ईश्वर की कृपा से आ ही जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कायाकल्प और दीपोत्सव से पहचान सिर्फ अयोध्या की ही नहीं बनी है बल्कि नव्य अयोध्या और इसका दीपोत्सव पूरे भारत की पहचान बन गई है। समाज का हर तबका यहां बिना भेदभाव आयोजन का सहभागी बनता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज की अयोध्या बांटती नहीं है बल्कि सबको जोड़ती है। यहां एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि के नाम पर है। भोजनालय माता शबरी के नाम पर और प्रमुख चौराहा प्रभु श्रीराम का भजन गाने वाली स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के नाम पर है। दक्षिण भारत के प्रमुख संतों की भी प्रतिमा अयोध्या में स्थापित कराई गई है। श्रीराम मंदिर के परिसर में वाल्मीकि जी, विश्वमित्र जी के भी मंदिर बन गए हैं। यहां शंकराचार्य, रामानुजाचार्य, रामानंदाचार्य के नाम पर द्वार हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है। यहां सूर्य के किरणों से ही बिजली दी जा रही है। अयोध्या में नए भारत के नए उत्तर प्रदेश का दिग्दर्शन हो रहा है। यहां का दीपोत्सव समृद्धि और सुशासन का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि पर्व और त्योहार का हेतु ही समाज में उमंग और उल्लास का संचार करना है।
उन्होने कहा कि जीवन मे अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण ही हमारी ताकत होती है। इसी के दम पर उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था के नए मानक गढ़े हैं। अनुशासन और समर्पण से ही आने वाले समय में उत्तर प्रदेश और बेहतर करने में सफल होगा। उन्होंने स्वदेशी के प्रति लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमारी समृद्धि में स्वदेशी की झलक देखनी चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक तानिया गांव में 15 वर्ष को सुविधाओं का घोर अभाव था। न सड़क थी, न बिजली, न मकान, न स्कूल। जबकि आज यहां हर व्यक्ति के पास पक्का मकान है, बच्चों के लिए स्कूल है, आंगनबाड़ी केंद्र है, बिजली है, पानी है। यहां के लोग राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजनाओं के लाभ से आच्छादित हैं। वनटांगिया गांव योजनाओं और सुविधाओं से संतृप्त है। यहां की महिलाएं एफपीओ से सब्जी की खेती कर समृद्धि के मार्ग पर चल पड़ी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने वनवासियों, गिरिवासियों, जनजातियों सहित सभी वंचितों को सभी सुविधाओं से आच्छादित करने का संकल्प लिया है और इसी संकल्प के अनुरूप कार्य भी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने तय किया है कि मुसहर, थारू, कोल, सहरिया, चेरो, बुक्सा आदि को गरीबी की रेखा से बाहर निकालकर समृद्धि को उसके घर तक ले जाएंगे। उन्होंने इस कार्य में आमजन से जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के उन लोगों की मदद अवश्य करें जो किन्ही कारणों से वंचित हैं या अभाव में हैं। उन्होंने कहा कि यह कोशिश होनी चाहिए कि कोई भी व्यक्ति दीपपर्व के उल्लास से वंचित न रहे। हमारा प्रयास होना चाहिए दिवाली में कि हर घर में दीप जले और हर व्यक्ति तक मिठाई भी पहुंचे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कम से कम एक गरीब परिवार में दीपावली की खुशियां जरूर बांटें। उन्होंने कहा कि गरीब के घर में दीप जलाते हुए, उसे मिष्ठान और उपहार देते हुए सेल्फी लें और पूरी दुनिया को बताएं कि हम साथ साथ खुशियां बांटते हैं।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनकल्याण के कार्यों से अन्य प्रदेशों के नेतृत्व कर्ता भी सीख लेते हैं। सीएम योगी के नेतृत्व में त्योहार अब तलवार के भय से नहीं बल्कि सौहार्द और प्यार के माहौल में मनाए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने यूपी को अपराधमुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त बनाकर अर्थव्यवस्था को भी अग्रणी पंक्ति में ला दिया है। डॉ. संजय निषाद ने कहा कि जो सम्मान त्रेता में भगवान श्रीराम ने वमगमन के दौरान निषादराज को दिया था, वर्तमान दौर में वही भाव सीएम योगी भी रखते हैं।
वनटांगिया गांव के दीपोत्सव समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच से सभी वनटांगिया गांव दशकों की उपेक्षा से निजात पाकर उत्तरोत्तर विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़े हैं। पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का भी उद्धार हुआ है। वनटांगिया समुदाय के लोग इसके उदाहरण हैं।
इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, काशी से आए जगद्गुरु स्वामी संतोषाचार्य सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, ब्लॉक प्रमुख वंदना सिंह, शिव प्रसाद जायसवाल, जनार्दन जायसवाल, प्रमुख प्रतिनिधि रणविजय सिंह मुन्ना, वनटांगिया समुदाय के रामगणेश, बलराम, विश्वम्भर, परमात्मा आदि प्रमुख रूप से मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, मां भारती, बजरंग बली और गुरु गोरखनाथजी के चित्रों पर पुष्पार्चन से हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव और लोकार्पण-शिलान्यास समारोह के मंच से मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी, आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, पशुपालन विभाग के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, उद्यान विभाग के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व मिनी बीज किट प्रदान किए।