बर्ड फ्लू ने बढ़ाई चिंता- चिकन की बिक्री पर रोक-मछली की मांग हुई दोगुनी
एक सप्ताह के भीतर मछली की आधा सैकड़ा से अधिक नई दुकान खुल गई है।;
गोरखपुर। बर्ड फ्लू की वजह से जिले में चिकन की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। इस प्रतिबंध से मछली बाजार में रौनक आ गई है। डिमांड में दोगुना बढ़ोतरी होने से पिछले एक सप्ताह के भीतर मछली की आधा सैकड़ा से अधिक नई दुकान खुल गई है।
गोरखपुर में बर्ड फ्लू की वजह से मुर्गे की बिक्री पर प्रशासन की ओर से रोक लगा दी गई है। इस रोक का सीधा असर मछली बाजार पर पड़ा है। जिसके चलते मछली की डिमांड में दोगुनी बढ़ोतरी हो गई है।
प्रशासन की ओर से 20 जून तक पांच चिन्हित इलाकों के 10 किलोमीटर के दायरे में चिकन की बिक्री और इसके परिवहन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है।
इस प्रतिबंध का सीधा असर मछली के बाजार पर पड़ा है। नगर निगम क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर 50 से अधिक नई जिंदा मछली की दुकान खुल गई है।
आंकड़ों के मुताबिक रोहू मछली 250 से ₹400 प्रति किलो तक बिक रही है। थोक कारोबारी महेश निषाद के मुताबिक कीमतों में इस समय 20 से 30% की बढ़ोतरी हुई है।