अधिकारियों की गैर हाजिरी पर फूटा गुस्सा- नगर निगम का घेराव कर प्रदर्शन
हाजिरी पर गहरा रोष जताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दफ्तर पर धरना देते हुए प्रदर्शन किया।;
मेरठ। नगर निगम के दफ्तर में अधिकारियों की गैर हाजिरी पर गहरा रोष जताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दफ्तर पर धरना देते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर कर्मचारी भला कैसे काम करेंगे? और पब्लिक की समस्याएं कैसे दूर होगी?
शनिवार को कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा की अगुवाई में इकट्ठा हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर निगम का घेराव करते हुए अधिकारियों की गैर हाजिरी पर गहरी नाराजगी जताई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीआईएस आधारित हाउस टैक्स वृद्धि पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि इस बढ़ोतरी से नगर निगम की आमदनी तो बढ़ेगी, लेकिन आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में हाउस टैक्स में बढ़ोतरी किया जाना किसी भी दशा में जनता के हितों में नहीं है। कांग्रेस नेता अवनीश काजल ने कान्हा उपवन गौशाला में गोवंशों की दुर्दशा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में नगर के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर हरपाल सिंह पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है, लेकिन अभी भी कुछ ऐसे लोग हैं जिनकी वजह से गोवंशों की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। कांग्रेस ने इन सभी दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है।