लैंडस्लाइड में चली गई 4 लोगों की जान- नदी में फंसे लोगों का रेस्क्यू
प्रशासन की टीमों के साथ एनडीआरएफ द्वारा रेस्क्यू चलाया जा रहा है।
नई दिल्ली। वेस्ट सिक्किम में हुई लैंडस्लाइड की घटना में चार लोगों की जान चली गई है। लापता हुए तीन लोग तलाश किये जा रहे हैं, तेज धार नदी में फंसे लोगों का रेस्क्यू भी चल रहा है।
मानसूनी बारिश के साथ भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आफत लोगों का अभी तक पीछा नहीं छोड़ रही है। शुक्रवार की देर रात वेस्ट सिक्किम के यांगथांग के अपर रिंबी इलाके में हुई लैंडस्लाइड की घटना में चार लोगों की मौत हो गई है।
लैंडस्लाइड की चपेट में आए तीन लोग अभी तक लापता होना बताई जा रहे हैं, जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
लैंड स्लाइड की इस घटना के सामने आए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेजधार नदी में फंसे लोगों का भी पुलिस और प्रशासन की टीमों के साथ एनडीआरएफ द्वारा रेस्क्यू चलाया जा रहा है।
यदि मानसूनी बारिश और प्राकृतिक आफत की बात की जाए तो हिमाचल प्रदेश में 20 जून से लेकर अभी तक बारिश बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं की चपेट में आकर 380 लोगों की मौत हो चुकी है। 40 लोग अभी तक लापता चल रहे हैं, सबसे ज्यादा 48 मौत लैंडस्लाइड की वजह से गई है।
बादल फटने की घटनाओं में 17 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।