वोटर अधिकार यात्रा में बाबा साहेब को अपमानित कर रहे राहुल- डॉ संजय
बिहार की जनता देख रही है कि उनके मन में बाबा साहेब के प्रति कितना सम्मान है।
बेतिया। बिहार में पश्चिमी चंपारण के भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के सांसद डा. संजय जायसवाल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा पर बुधवार को तंज कसा और कहा है कि श्री गांधी हमेशा अपने जेब में संविधान लेकर घूमते है और पुरी यात्रा में बाबा साहब को अपमानित कर रहे है।
श्री जायसवाल ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि कोई श्री गाँधी को बाबा साहब की तस्वीर गिफ्ट करता है तो उनके अंगरक्षक हाथ से मारकर तस्वीर गिरा देते है। बिहार की जनता देख रही है कि उनके मन में बाबा साहेब के प्रति कितना सम्मान है।
भाजपा नेता ने कहा कि वर्ष 2005 से पूर्व बिहार में वोट की चोरी करनेवाले आज दूसरों पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे है। उन्होंने कहा कि इसी चंपारण में पहले बुथों तक वोटरों को नही जाने दिया जाता था। आज सभी निसंकोच बुथों पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी यात्रा में क्रम में उस चीनी मिल की जमीन पर रात बिताने वाले है जिसे उनकी मम्मी के नेतृत्व की कांग्रेस सरकार ने महज दो करोड़ में एक कबाड़ी के हाथों में सौप दिया था।
श्री जायसवाल ने कहा कि आज विकास नही होने का आरोप लगाते घुम रहे राहुल तेजस्वी को यह नही दिखेगा कि बेतिया से गोपालगंज जाने में जहां 110 किमाी की दूरी तय करने में कितना कम समय लगता है।
वहीं रामनगर की विधायक पदमश्री भागीरथी देवी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के उस बयान की चर्चा की जिसमें उन्होंने कहा था कि बिहारी तमिलनाडु या अन्य राज्यों में जाकर सफाई कर्मी का काम करते है। उन्होंने कहा कि आज वे बिहारियों को सफाईकर्मी कहकर अपमानित कर रहे है, जबकि यदि देखा जाय तो उनके हीं राज्य में कई बिहारी आईएएस, आईपीएस प्रशासन की बागडोर संभाले हुए है। बिहार के लोग सफाई का काम भी जरुर करते है लेकिन चोरी नही करते। कार्यक्रम में चनपटिया विधायक उमाकांत सिंह, भाजपा नेता रवि सिंह भी मौजूद थे।