महिला सुरक्षा- DIG व SSP ने मीनाक्षी चौक पर किया पिंक बूथ का उद्घाटन
पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में महिला नागरिकों की सहभागिता रही।
मुजफ्फरनगर। महिलाओं की सुरक्षा के साथ महिला सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत शहर के मीनाक्षी चौक पर पिंक बूथ का उद्घाटन कर इसका शुभारंभ किया।
मंगलवार को सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह एवं मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शहर के मध्य में स्थित मीनाक्षी चौक पर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा के साथ महिला सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पिंक बूथ का उद्घाटन कर इसका शुभारंभ किया।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया है कि पिंक बूथ की स्थापना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना तथा उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करना है।
पिंक बूथ के शुभारम्भ के अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति का मूल उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित एवं सशक्त बनाना है। पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से समाज में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत होगा।
उन्होंने बताया है कि मीनाक्षी चौक पर शुरू किए गए पिंक बूथ का संचालन पूर्णतः महिला पुलिसकर्मियों द्वारा किया जाएगा तथा यहां आने वाली प्रत्येक महिला एवं बालिका की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा व तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही, उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों व महिलाओं के उत्थान के लिये चलायी जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक भी किया जाएगा।
इस दौरान अधिकारियों नें उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें पिंक बूथ की कार्यप्रणाली से अवगत कराया तथा भरोसा दिलाया कि पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा और सम्मान हेतु तत्पर है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नई मण्डी राजू कुमार साव, क्षेत्राधिकारी फुगाना रूपाली राय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में महिला नागरिकों की सहभागिता रही।