गन्ने छिल रही महिलाओं पर गुलदार का हमला- बलकटी से मुकाबला कर..

दोनों महिलाओं ने हिम्मत नहीं हारते हुए गन्ना काटने में इस्तेमाल की जाने वाली बलकटी से गुलदार का मुकाबला किया।

Update: 2024-01-07 10:50 GMT

बिजनौर। खेत में गन्नों की छिलाई कर रही दो महिलाओं पर अचानक से गुलदार ने हमला बोल दिया। गन्ने की कटाई में इस्तेमाल आने वाली बलकटी से मुकाबला करते हुए महिलाओं ने गुलदार से अपनी जान बचाई। मौके पर ग्रामीणों के पहुंचने पर गुलदार जंगल में घुसकर गायब हो गया। घायल हुई दोनों महिलाओं को ग्रामीणों द्वारा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगाकर जल्द गुलदार को पकड़े जाने का आश्वासन दिया है।

रविवार को धामपुर थाना क्षेत्र के कुंडीपुरा गांव में रहने वाले धीरेंद्र सिंह की 40 वर्षीय पत्नी कुसुम देवी एवं यशपाल की 40 वर्षीय पत्नी लीला देवी गन्ने की छिलाई करने के लिए खेत पर गई थी।

बताया जा रहा है कि जिस समय दोनों महिलाएं गन्ना छिलाई में व्यस्त थी उसी समय अचानक से गुलदार ने दोनों महिलाओं के ऊपर हमला बोल दिया जिससे दोनों महिलाएं घायल हो गई।

गुलदार के हमले से घायल हुई दोनों महिलाओं ने हिम्मत नहीं हारते हुए गन्ना काटने में इस्तेमाल की जाने वाली बलकटी से गुलदार का मुकाबला किया।

इसी बीच अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शोर शराबा होने पर गुलदार जंगल में घुसकर गायब हो गया। ग्रामीणों ने दोनों महिलाओं को ले जाकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि पिंजरे लगवाकर खूंखार गुलदार को जल्द पकड़ा जाएगा।

वन विभाग के रेंजर गोविंद राम गंगवार ने भी अस्पताल में पहुंचकर घायल हुई दोनों महिलाओं का हाल-चाल पूछा और आश्वासन दिया कि जो भी सरकारी मदद घायलों को मिल सकेगी, वह दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे। गांव में सोमवार तक पिंजरे लगवा दिए जाएंगे।

Tags:    

Similar News