थाई सेना ने ट्रंप के दावों को बमों से उडाया - सीमा पर बरसाए बम
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे तनाव के चलते हो रहे संघर्ष को रोकने के दावों को हवा में उड़ाते हुए थाई सेना ने सीमा पर एक बार फिर से बमबारी की है,
नई दिल्ली। थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे तनाव के चलते हो रहे संघर्ष को रोकने के दावों को हवा में उड़ाते हुए थाई सेना ने सीमा पर एक बार फिर से बमबारी की है, जिससे अनेक इमारतें और पुल पूरी तरह से तबाह हो गए हैं।
शनिवार को थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे संघर्ष के चलते सीमा पर हमले और अधिक तेज होते हुए दिखाई दिए हैं। थाईलैंड की सेना ने कंबोडिया की सीमा के पास हवाई हमला करते हुए f16 लड़ाकू विमान के माध्यम से कई ठिकानों पर बम बरसाए हैं।
बताया जा रहा है कि स्थानीय समय के मुताबिक सवेरे तकरीबन 5:50 पर थाईलैंड की सेना ने कंबोडिया के पश्चिमी प्रांत बटटमबोग के त्मोरदा शहर के एक होटल की इमारत को अपना निशाना बनाते हुए उसके ऊपर बम गिराया है। इसके तकरीबन 5 मिनट बाद ही इसी इलाके में थाईलैंड की सेना द्वारा एक और होटल की इमारत पर बमबारी की गई।
इस हमले के बाद थाई सेना ने अपना रुख पुलों की तरफ कर दिया, जिसके चलते सवेरे तकरीबन 6:02 पर थाईलैंड की सेना ने चेई चोम्नास पुल को नष्ट करने के लिए एक बम गिराया। इसके बाद एक बार फिर से बमबारी की गई। पुराने पुल को निशाना बनाते हुए भी थाईलैंड की सेना ने एक और बम गिराया है।
उल्लेखनीय है कि थाइलैंड और कंबोडिया के बीच लगातार बढ़ रहे सीमा विवाद को हल करने का दावा करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते दिनों कहा था कि वह एक फोन कॉल करके थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे संघर्ष को रोक देंगे। डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया था कि वह अपनी ताकत के दम पर दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करने का काम कर रहे हैं।