हाईकोर्ट के आदेश को लेकर जरांगे के बागी तेवर- बोले मांग पूरी होने तक..
उन्होंने कहा है कि मांगे पूरी होने तक वह मुंबई नहीं छोड़ेंगे।
मुंबई। मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे और उनके समर्थकों के तेवर हाई कोर्ट के उस आदेश को लेकर बागी हो गए हैं जिसमें उन्हें आज शाम तक मुंबई की सड़कों एवं आजाद मैदान को खाली करने को कहा गया है। उन्होंने कहा है कि मांगे पूरी होने तक वह मुंबई नहीं छोड़ेंगे।
मंगलवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के आजाद मैदान में मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे और उनके समर्थकों ने अपनी मांगे पूरी होने तक मुंबई को नहीं छोड़ने का ऐलान किया है।
मनोज जरांगे ने कहा है कि वह सरकार से बातचीत करने के लिए तैयार है। दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में अपने आंदोलन के पांचवें दिन जरांगे ने दावा किया है कि प्रदर्शनकारियों ने किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं किया है और मराठों को राज्य की आर्थिक राजधानी में एंट्री करने से कोई नहीं रोक सकता है।
मराठा प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा है कि वह इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि सरकार उनकी आरक्षण की मांग को स्वीकार करें और मराठों को कुनबी के रूप में मान्यता देने वाला एक सरकारी आदेश जारी करें, जिससे वह सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण के हकदार हो जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि मुंबई पुलिस ने आज मंगलवार को मनोज जरांगे और उनके समर्थकों को एक नोटिस जारी कर उन्हें जल्द से जल्द आजाद मैदान खाली करने को कहा है।