ओडिशा के मुख्यमंत्री को योगी के मंत्री कपिल ने दिया शुकतीर्थ का आमंत्रण
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ओडिशा प्रवास के दौरान वहां के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी से मुलाकात कर उन्हें मुजफ्फरनगर की तीर्थ नगरी शुकतीर्थ आगमन का आमंत्रण दिया
भुवनेश्वर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं उधमशीलता मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने ओडिशा प्रवास के दौरान वहां के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी से मुलाकात कर उन्हें जनपद मुजफ्फरनगर की तीर्थ नगरी शुकतीर्थ आगमन का आमंत्रण दिया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं उद्यमशीलता मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ओडिशा प्रवास के दौरान राजधानी भुवनेश्वर में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी से आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण भेंट की। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उन्हें संत शिरोमणि शुकदेव महाराज की पावन तपोभूमि शुकतीर्थ आगमन का ससम्मान आमंत्रण दिया।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को शुकतीर्थ की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्ता से अवगत कराते हुए कहा कि यह भूमि भारतीय सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जहाँ आकर श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा का अनुभव करते हैं।
अपने उड़ीसा प्रवास के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भगवान जगन्नाथ के पावन धाम पुरी तथा विश्वविख्यात सूर्य मंदिर, कोणार्क में दर्शन-पूजन कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि ओडिशा की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत सम्पूर्ण राष्ट्र को एकता और सद्भाव का संदेश देती है।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपनाए गए “योगी मॉडल” की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कानून-व्यवस्था, सुशासन, विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं में उत्तर प्रदेश द्वारा स्थापित नए मानकों की प्रशंसा करते हुए इसे देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
यह भेंट दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग, सांस्कृतिक समन्वय और विकासात्मक संवाद को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।