दिन निकलते ही लूट- मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवार..

लूट का शिकार हुई महिला ने कॉल करके पुलिस को घटना की जानकारी दी।;

Update: 2025-07-06 06:13 GMT

मुरादाबाद। दिन निकलते ही लूट की वारदात को अंजाम देते हुए स्कूटी सवार दो बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को अपना निशाना बनाते हुए गले में पड़ी सोने की चेन लूट ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

रविवार को मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की अवंतिका कॉलोनी में रहने वाले दिनेश कुमार की पत्नी अनीता कौशिक रोजाना की तरह तकरीबन 6:30 बजे मॉर्निंग वॉक करने के लिए अपने घर से निकली थी।

अवंतिका कॉलोनी स्थित पंडित प्रेम शर्मा पार्क के पास पहुंचते ही स्कूटी पर सवार होकर पीछे से आए दो बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक कर रही अनीता के गले से सोने की चेन खींच ली और मौके से भाग खड़े हुए।

शोर मचाते हुए अनीता ने चेन खींचने वाले बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी स्कूटी की रफ्तार बढ़कर मौके से भाग निकले। लूट का शिकार हुई महिला ने कॉल करके पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों का पता लगाने के लिए नाकेबंदी कर उनकी तलाश की, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।

थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया है कि लूट का शिकार हुई महिला की तहरीर के आधार पर स्कूटी सवार बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।Full View

Tags:    

Similar News