पुलिस विशिष्ट लोगों की सुरक्षा में व्यस्त- बदमाशों ने गायब की चेन

महिला चोरों का शिकार हुई महिलाओं को अपनी सोने की चेन कटने का पता भी नहीं चला।

Update: 2025-09-25 10:14 GMT

शामली। राम कथा में शामिल होने के लिए पहुंचें अति विशिष्ट लोगों की सुरक्षा में पुलिस के व्यस्त होने का फायदा उठाते हुए सक्रिय हुए चोरों ने महिलाओं की सोने की चेन पर हाथ गायब करना शुरू कर दिया। आधा दर्जन महिलाओं की चेन गायब करने के बाद जब छंटा शिकार बनाने की कोशिश की गई तो मामला खुलकर सामने आया। पुलिस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर चोरी कर फरार हुए बदमाशों की तलाश में जुट गई है ।

दरअसल शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र के कमला कॉलोनी स्थित कारोबारी के घर पर राम कथा का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए पहुंचे स्थानीय नेताओं एवं सम्मानित व्यक्तियों तथा अफसरों के स्वागत में भोजन का भी बंदोबस्त किया गया था, जिस समय राम कथा में आए लोगों के लिए भोजन का कार्यक्रम चल रहा था उसी समय सक्रिय हुए महिला चोर गिरोह ने 6 महिलाओं की सोने की चेन काट कर अपने कब्जे में कर ली।

महिलाओं की सोने की चेन चोरी होने की घटनाओं का उस वक्त पता चला जब छठी महिला की चेन काटते समय वह उसके कपड़ों से उलझ गई, इससे पहले अज्ञात महिला चोरों का शिकार हुई महिलाओं को अपनी सोने की चेन कटने का पता भी नहीं चला।

मामले का खुलासा होते ही आयोजन स्थल पर अफरातफरी सी मच गई, सभी लोग अपने जेवरात, पैसे और मोबाइल फोन आदि देखने लगे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हुई चोरी की इस घटना ने अब पुलिस विभाग की कार्य प्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

कार्यक्रम आयोजकों की ओर से अब इस मामले को लेकर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है।

Tags:    

Similar News