घर के बाहर सो रहे पति-पत्नी को मारी गोली- पति की मौत और पत्नी....
पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।;
लखनऊ। घर के बाहर सो रहे पति और पत्नी पर बदमाशों ने पहले चाकू से वार किया फिर दोनों को गोली मार दी। इस हमले में पति की मौत हो गई है जबकि पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के महारानी गंज में सुखदेव लोधी गल्ले के व्यापारी थे। बताया जाता है कि बीती रात सुखदेव लोधी अपनी पत्नी सरोजिनी के साथ घर के बाहर सो रहे थे। देर रात दो बदमाशों ने अचानक से सुखदेव लोधी और उनकी पत्नी सरोजिनी पर चाकू से हमला कर दिया तथा बाद में बदमाशों ने दोनों को गोली मार दी। गोली लगने से जहां सुखदेव लोधी की मौके पर ही मौत हो गई वहीं उनकी पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि घटना की सूचना के बाद पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक व्यापारी के परिजन की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि व्यापारी की हत्या की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने महारानी गंज में आज मंगलवार को बंद रखने की घोषणा की है।