प्रैक्टिस के दौरान फायरिंग रेंज में ब्लास्ट-चार जवान हुए लहूलुहान

प्रैक्टिस के दौरान जोरदार धमाका हुआ और चारों तरफ वातावरण में धुआं ही धुआं फैल गया।

Update: 2025-12-28 08:51 GMT

सहारनपुर। प्रैक्टिस के दौरान फायरिंग रेंज में हुए ब्लास्ट की चपेट में आकर आर्मी के चार जवान घायल होने से मौके पर अफरा तफरी मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना देते हुए बुलाई गई एंबुलेंस से घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो जवान गंभीर हालत के चलते मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिए गए।

सेना की बटालियन प्रेक्टिस करने के लिए सेना की फायरिंग रेंज में पहुंची थी। शनिवार की देर शाम प्रैक्टिस के दौरान जोरदार धमाका हुआ और चारों तरफ वातावरण में धुआं ही धुआं फैल गया।

धमाके की चपेट में आकर 27 वर्षीय जवान दीपक, 45 वर्षीय सुरेश, 30 वर्षीय प्रवीण और 35 वर्षीय जवान पवित्र घायल हो गए। फायरिंग रेंज में हुए धमाके की आवाज को सुनकर थोड़ी ही दूर पर मौजूद अन्य सैन्य कर्मी उनकी मदद के लिए तुरंत दौड़ धूप करते हुए मौके पर पहुंचे।चार जवानों को घायल देखकर तुरंत मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस को बुलवाकर घायल हुए चारों जवानों को बेहट स्थित सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू कर दिया।

इस दौरान जब घायल हुए जवान दीपक और सुरेश की तबीयत बिगड़ने लगी तो उनकी हालत को देखकर दोनों को सहारनपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। अस्पताल में भर्ती जवानों का ट्रीटमेंट कर रहे डॉक्टर के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

Tags:    

Similar News