बेटे की जगह ड्यूटी करने गए BJP मंडल उपाध्यक्ष का मर्डर- हथियारों से..
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बदायूं। बेटे की तबीयत खराब होने की वजह से उसके स्थान पर ड्यूटी करने के लिए गए भारतीय जनता पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष की बदमाशों ने धारदार हथियारों से काटकर नृशंस हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में बुरी तरह से कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बदायूं जनपद के बिनावर के विजय नगला गांव के रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के बिनावर मंडल उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र गुप्ता के बेटे राहुल की बीती रात तबीयत खराब हो गई थी।
जल जीवन मिशन में चौकीदार का काम करने वाले बेटे की जगह मंगलवार की देर रात भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ड्यूटी करने के लिए गए थे।
बुधवार की सवेरे जब वह काफी दिन चढे तक भी वापस नहीं लौटे तो मंडल उपाध्यक्ष की पत्नी अपने पति को देखने के लिए मौके पर पहुंच गई।
गेट के पास पहुंचते ही महिला ने पति का शव पड़ा हुआ देखा। सिर और चेहरे पर धारदार हथियार के घाव से पति को लहू लुहान देख पत्नी की बुरी तरह से चीख निकल गई। शोर शराबे को सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा की गई छानबीन में मौके से फिलहाल कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच करते हुए हमलावरों तक पहुंचने के प्रयास कर रही है।