घर के बाहर खेल रही बालिका से दुष्कर्म-आरोपी वकील गिरफ्तार

12 वर्षीय लड़की को पड़ोस का ही वकील बहला-फुसलाकर अपने दफ्तर में ले गया उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया

Update: 2021-12-01 11:45 GMT

बरेली। घर के बाहर खेल रही 12 वर्षीय लड़की को पड़ोस का ही वकील बहला-फुसलाकर अपने दफ्तर में ले गया और वहां पर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया। पीड़िता को जान से मारने की धमकी दिए जाने पर वह इतनी बुरी तरह से डर गई कि घर जाने के बजाय अपनी बुआ के यहां पहुंच गई। पीड़िता की ओर से दी गई जानकारी के बाद परिजनों की ओर से पुलिस को शिकायत की गई। देर रात आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने बताया है कि मंगलवार को शहर के एक इलाके में 12 वर्षीय लड़की अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। उसी दौरान मौके पर पहुंचा हजियापुर निवासी 28 वर्षीय तरुण कुर्मी उर्फ गोविंदा 12 वर्षीय लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ दफ्तर के भीतर ले गया और वहां पर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया। एसएसपी ने बताया है कि इस दौरान आरोपी वकील ने घटना के बारे में किसी को बताने पर लड़की को उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दे डाली। आरोपी द्वारा धमकाया जाने से लड़की इतनी बुरी तरह से डर गई कि वह अपने घर जाने के बजाय अपनी बुआ के घर जा पहुंची। वहां पर उसने अपनी बुआ को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बुआ ने अपने भाई को फोन करके इस मामले से अवगत कराया। बेटी के साथ दुष्कर्म की जानकारी मिलने पर पिता सीधा थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मंगलवार की देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण कानून अर्थात पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को आज पुलिस द्वारा न्यायालय के सामने पेश किया गया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।





 


 


Tags:    

Similar News