दामों में बढ़ोतरी कर सरकार ने किया इतने टन धान खरीदने का ऐलान

धान खरीद के लिए प्रदेश भर के विभिन्न स्थानों पर 4000 से भी अधिक धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं।

Update: 2022-10-02 08:44 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने धान की खरीद के न्यूनतम मूल्य में बढ़ोतरी करते हुए फसल की खरीदारी का काम शुरू कर दिया है। धान खरीद के लिए प्रदेश भर के विभिन्न स्थानों पर 4000 से भी अधिक धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। धान की कीमतों में 100 रूपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी का ऐलान सरकार की ओर से किया गया है।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने धान की खरीद के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी का ऐलान करते हुए कहा है कि वर्ष 2022-23 के सीजन में धान की खरीद के लिए बनाए गए 4000 से भी अधिक क्रय केंद्रों पर किसानों से 100 रूपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी के आधार पर धान की खरीदारी की जाएगी।

ए ग्रेड के धान की कीमत 2060 रुपए और सामान्य धान की कीमत 2040 रुपए प्रति कुंतल निर्धारित करते हुए अब इन दामों पर धान की खरीदारी की जा रही है। यदि पिछले साल की बात की जाए तो एक ग्रेड धान का समर्थन मूल्य 1960 रूपये एवं सामान्य धान का समर्थन मूल्य 1940 रुपए प्रति कुंतल था।

राज्य सरकार की ओर से इस बार किसानों से 7300000 टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खाद्य एवं रसद विभाग के विशेष सचिव दिव्य प्रकाश गिरी की ओर से धान खरीद को लेकर विस्तृत दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

सूबे के 73 जनपदों में धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जिससे किसानों को अपने धान की फसल को बेचने के लिए परेशान नहीं होना पड़े। हालांकि महोबा एवं ललितपुर में धान की पैदावार नहीं होने की वजह से यहां पर क्रय केंद्र नहीं बनाए हैं।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से फसल खरीद के बाद किसानों को तत्काल भुगतान की पारदर्शी व्यवस्था की गई है। इसके लिए रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर की मदद से धान क्रय केंद्रों की जियो टैगिंग भी सरकार द्वारा कराई जा रही है।

Tags:    

Similar News