सहारनपुर में 4 पर भाजपा तो एक सीट पर विपक्ष पड़ा भारी
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सवेरे शुरू हुए मतदान के दौरान डाले गए वोटों की गिनती में भाजपा एक बार फिर से संयुक्त विपक्ष पर भारी पड़ी है।;
सहारनपुर। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सवेरे शुरू हुए मतदान के दौरान डाले गए वोटों की गिनती में भाजपा एक बार फिर से संयुक्त विपक्ष पर भारी पड़ी है। जिसके चलते 5 सीटों के लिए हुए मतदान में 4 सीट जीतकर भाजपा ने अपना दबदबा कायम किया है। वही सरसावा ब्लाक सीट पर ताहिर हसन ने जीत हासिल कर संयुक्त विपक्ष का नाम जिंदा रखा है।
शनिवार को जनपद की 5 सीटों पर ब्लाक प्रमुख का चुनाव भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपनी पसंद के उम्मीदवारों को वोट देते हुए लोकतंत्र के यज्ञ में आहुतियां दी। मतदान के दौरान संयुक्त विपक्ष की ओर से भाजपा पर पुलिस और प्रशासन के सहयोग से फर्जी मतदान करने के आरोप लगाए गए। मतदान के बाद हुई मतगणना में नकुड ब्लाक प्रमुख सीट से भाजपा प्रत्याशी सुभाष चैधरी को विजई घोषित किया गया है। कुल पड़े 103 मतों में से सुभाष चैधरी को 75 वोट हासिल हुए हैं। जबकि विपक्ष के मनोज को 28 वोटों पर ही संतोष करना पड़ा है। सढोली ब्लॉक से भाजपा के चैधरी विश्वास ने 6 वोटों से जीत हासिल करते हुए ब्लाक प्रमुख सीट पर अपना कब्जा जमाया है। नांगल ब्लॉक में भाजपा समर्थित संजना नई ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुई है। संजना पत्नी रविंदर चैधरी को 83 मत हासिल हुए हैं। जबकि लक्ष्य चैधरी को 23 मतों से संतोष करना पड़ा है। 1 मत निरस्त घोषित किया गया है। जबकि भाकियू समर्पित प्रत्याशी राजेश को 0 के सहारे भारी निराशा झेलनी पड़ी है। रामपुर मनिहारान ब्लॉक से भाजपा की गीता रानी को प्रमुख घोषित किया गया है। सरसावा ब्लाक पर ताहिर हसन संयुक्त विपक्ष की उपस्थिति को जनपद में कायम रखते हुए 21 वोटों से जीत हासिल की है।