विधानसभा सत्र-सपा विधायकों ने हांकी बैलगाड़ी-अजय लल्लू पहुंचे रिक्शा से

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू रिक्शे में सवार होकर सरकार के प्रति अपना विरोध जताते हुए विधानसभा पहुंचे।

Update: 2021-08-17 06:14 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान मंडल के दोनों बैठकों की कार्यवाही में भाग लेने के लिए विधानसपा जाने को सपा विधायकों ने बैलगाड़ी हांकी। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू रिक्शे में सवार होकर सरकार के प्रति अपना विरोध जताते हुए विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि सदन के अंदर और बाहर हम जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष करेंगे।

मंगलवार को शुरू हुए उत्तर प्रदेश विधान मंडल के दोनों सदनों की बैठकों में जाने से पहले राजधानी में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए समाजवादी पार्टी के विधायक बैलगाड़ी हांकते हुए विधानसभा पहुंचे। एक काफिले की शक्ल में विधानसभा पहुंचे सपा विधायकों ने सफर के दौरान सरकार विरोधी जोरदार नारे लगाए। इस दौरान सपा विधायक एक हाथ में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और दूसरे हाथ में समाजवादी पार्टी का झंडा लिए हुए देश में रोजाना बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू कांग्रेसजनों के साथ रिक्शे में सवार होकर विधानसभा पहुंचे और प्रदेश में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। अजय कुमार लल्लू के रिक्शे पर कोरोना बना काल-किसानों का बुरा हाल-रोजगार का पड़ा अकाल आदि नारे लिखी तख्तियां लगी हुई थी। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि वह सदन के अंदर और बाहर जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेसजनों के साथ संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर बुरी तरह से असफल हो चुकी है। प्रदेश में रोजगारों का अकाल पड़ा हुआ है। पढे लिखे उच्च शिक्षित युवा बेरोजगार घूम रहे है। महंगाई दिनोंदिन सुरसा के मुंह की तरह बढ़ रही है। सरकार महंगाई को रोकने के बजाय इसकी जिम्मेदारी पूर्व की सरकारों पर डालते हुए अपनी जिम्मेदारी से दूर भाग रही है।

Tags:    

Similar News