महिला को बंधक बनाकर दिन दहाड़े लूट- नगदी व जेवरात लूटकर फरार

सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल की छानबीन की।

Update: 2024-05-06 11:26 GMT

महाराजगंज। दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम देने के लिए घर के भीतर घुसे बदमाशों ने महिला को बंधक बनाते हुए मकान में रखी मिली नगदी एवं सोने चांदी के जेवरात लूट लिए और मौके से आराम के साथ फरार हो गए। जानकारी होते ही स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर फोन करते हुए पुलिस को लूट की इस घटना की जानकारी दी। दिनदहाड़े लूट की घटना की सूचना पाते ही पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की और दिनदहाड़े लूट करके फरार हुए बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

सोमवार को महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री नगर में रहने वाली संगीता मिश्रा के पति राजेश मिश्रा सवेरे तकरीबन 8:00 बजे घर से निकाल कर दुकान पर चले गए थे। दोपहर के समय घर के भीतर घुसे दो लोगों ने महिला को पकड़कर गमछे से उसका मुंह बांध दिया और बंधक बनाने के बाद घर को खंगालते हुए अलमारी आदि में रखी मिली नगदी एवं सोने चांदी के जेवरात लूट लिए।

लूटी गई संपत्ति को समेटकर बदमाश आराम के साथ फरार हो गए। किसी तरह बंधन मुक्त हुई महिला ने शोर मचाते हुए जब लोगों को मदद के लिए पुकारा तो महिला की चीख पुकार को सुनकर दौड़ धूप करते हुए मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने संगीता मिश्रा के पति और पुलिस को डायल 112 पर घटना की जानकारी दी।

सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल की छानबीन की। महिला ने बताया कि घर में तकरीबन 5 लाख रुपए की कीमत के जेवरात एवं 15000 रूपए नकद रखे हुए थे, जिन्हें लूटकर बदमाश फरार हो गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज के सहारे दिन दहाड़े लूट करके फरार हुए बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

Tags:    

Similar News