राइफल लेकर बंदूक रानी बनी पूर्व सांसद की पुत्रवधू ने ऐसे दिखाई दबंगई

मसीहा कहे जाने वाले विनोद महतो की पौत्रवधू द्वारा हाथ में राईफल लेकर लोगों के साथ मारपीट का वीडियो जमकर वायरल हो रहा

Update: 2022-07-11 11:32 GMT

धनबाद। झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व विधायक की पौत्रवधू एवं सांसद तथा विधायक रहे राजकिशोर महतो की पुत्रवधू आज सवेरे राइफल लेकर घर से बाहर निकली और खुलेआम लोगों को धमकाते हुए आसपास मौजूद कई लोगों के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दे दिया। मारपीट का शिकार हुए लोगों ने पुलिस को अपने साथ हुए मामले की सूचना दे दी है।

सोमवार को धनबाद जनपद के विनोद नगर में झारखंड के मसीहा कहे जाने वाले स्वर्गीय विनोद बिहारी महतो की पौत्रवधू द्वारा हाथ में राईफल लेकर लोगों के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व विधायक स्वर्गीय बिनोद बिहारी महतो की पौत्रवधू तथा सांसद एवं विधायक रहे राजकिशोर महतो की पुत्रवधू विनीता सिंह अपने हाथ में राइफल लेकर आसपास मौजूद लोगों को कड़क आवाज में धमकाती हुई नजर आ रही है।

बताया जा रहा है कि विनीता सिंह की इस दौरान बाद में कुछ लोगों के साथ हाथापाई भी हुई। लोगों के मुताबिक सोमवार की सवेरे विनीता सिंह अचानक राइफल हाथ में थामकर हनक के साथ अपने घर से बाहर निकली और मोहल्ले वालों के साथ मारपीट करते हुए उनके संग गाली गलौज करने लगी। पूर्व सांसद की पुत्रवधू विनीता सिंह के इस हनक दिखाने वाले रूप को देखकर स्थानीय लोग बुरी तरह से डर गए।

पूर्व सांसद की पुत्रवधु के हाथ में राइफल होने के कारण कोई भी विनीता सिंह के सामने बोलने की हिम्मत नहीं जुटा सका। गली में इधर से उधर राइफल हाथ में लिए घूम रही विनीता सिंह काफी गुस्से में दिखाई दे रही थी।

Tags:    

Similar News