प्रियंका के विचारों को सुनने केली पहुंचें ग्रामीणः सलीम मलिक
किसान पंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने के लिए पूर्व प्रदेश सचिव व रैली प्रभारी सलीम मलिक ने गांवों में सभा आयोजित की
मेरठ। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 7 मार्च को मेरठ के गांव केली में किसान पंचायत को सम्बोधित करेंगी। किसान पंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने के लिए पूर्व प्रदेश सचिव व रैली प्रभारी सलीम मलिक ने गांवों में सभा आयोजित की। इस दौरान उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रैली में पहुंचने का आह्वान किया।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने सहारनपुर में मां शाकुम्भरी के दर्शन करने के साथ ही किसान पंचायतों का आगाज किया था। इसके बाद वे मुजफ्फरनगर समेत कई स्थानों पर किसान पंचायतों को सम्बोधित कर चुकी हैं। उनकी जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है। हाल ही में उन्होंने असम चुनाव के मद्देनजर दो दिवसीय असम का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने असम के लोगों के साथ जहां नृत्य का लुत्फ उठाया वहीं चाय की पत्तियां तोड़ीं। अब 7 मार्च को उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के गांव केली में प्रियंका गांधी दोपहर 12 बजे किसान पंचायत को सम्बोधित करेंगी। इसी के मद्देनजर आज रैली प्रभारी व पूर्व प्रदेश सचिव सलीम मलिक ने गांव करनावल व खेड़ी में सभाओं को सम्बोधित किया। सलीम मलिक ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में किसान पंचायत में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ है। कांग्रेस ने अपना पूर्ण समर्थन किसानों को दिया है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में गांव केली में होने वाली पंचायत में प्रतिभाग करें।