राहुल गांधी जाएंगे हाथरस, योगी सरकार का फैसला

गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद यूपी में गरमाई सियासत में कांग्रेस पार्टी लगातार सड़क पर थी।

Update: 2020-10-03 10:55 GMT

नोएडा। गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद यूपी में गरमाई सियासत में कांग्रेस पार्टी लगातार सड़क पर थी। 2 दिन पहले भी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी नोएडा के रास्ते हाथरस में पीड़िता के गांव जाकर उसके परिवार से मिलने के लिए निकले थे, मगर नोएडा पुलिस ने राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जाने नहीं दिया था। 3 घंटे चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद नोएडा पुलिस ने राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी को हिरासत में लेकर एक गेस्ट हाउस में बैठाया था, बाद में पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित सभी कांग्रेसियों को जाने दिया था । पुलिस ने राहुल और प्रियंका के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की थी। आज फिर राहुल गांधी ने सुबह ट्वीट करते हुए कहा था कि आज दुनिया की कोई भी ताकत मुझे पीड़िता के घर जाने से नहीं रोक सकती। इसके बाद लगभग दोपहर 2 बजे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के 45 सांसद हाथरस के लिए निकल गए थे। योगी सरकार के निर्देश के बाद नोएडा पुलिस ने डीएनडी पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया था। माना जा रहा था कि यूपी पुलिस आज भी राहुल गांधी को हाथरस नहीं जाने देगी, लेकिन लगभग 2 घंटे के बाद योगी सरकार ने बैकफुट पर आते हुए राहुल गांधी सहित 5 लोगों को हाथरस जाने की इजाजत दे दी है। अब राहुल गांधी हाथरस में जाकर पीड़ित परिवार से मिल सकेंगे।

Similar News