दो घंटे तक लगाया जनता दरबार- मिनिस्टर बने ‘जनता के डॉक्टर’

इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं साझा करने के लिए आगे आए तथा अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की

Update: 2024-08-13 16:17 GMT

जम्मू। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि जमीनी स्तर तक पहुंचना और आम जनता की बात सुनना तथा उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करना उनका निरंतर प्रयास है।

अपने गृहनगर संसदीय क्षेत्र उधमपुर में जनता दरबार में आम जनता से बातचीत करते हुए ‘जनता के डॉक्टर’ के रूप में डॉ सिंह ने जिला प्रशासन के साथ जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा उनकी मांगों को मौके पर ही पूरा करने के अपने ठोस प्रयास के तहत करीब दो घंटे तक दरबार लगाया। इस अवसर पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं साझा करने के लिए आगे आए तथा अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिला अधिकारियों को जनता की मांगों को बिना किसी चूक के संबोधित करने और जल्द ही कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किये गये हैं। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को हल करने और शासन में पारदर्शिता लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इससे पहले, डॉ. सिंह ने नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाने के लिए स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व संध्या पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भव्य तिरंगा बाइक रैली का नेतृत्व किया। रैली का आयोजन भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने किया , जिसका नेतृत्व इसके अध्यक्ष अरुण प्रभात सिंह ने किया था। इस अभियान में बड़ी संख्या में लोगों, खासकर युवाओं ने हिस्सा लिया।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की और इस क्षेत्र को मुखर्जी की ‘बलिदान भूमि’ बताया। उन्होंने कहा कि मुखर्जी के विजन ने 'एक विधान एक निशान एक प्रधान' आंदोलन को प्रेरित किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान के तहत प्रतिमा के आसपास सफाई अभियान में भी हिस्सा लिया।

वार्ता

Tags:    

Similar News