केजरीवाल पर पलटवार करते हुए बोले योगी- जेल का हो गया साइड इफेक्ट

योगी गुरुवार को यहां राजाजी पुरम में लखनऊ लोकसभा सीट के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे

Update: 2024-05-16 16:52 GMT

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश और प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा है कि लोकसभा चुनाव के चार चरण बीत चुके हैं और अब तीन चरण शेष रह गये हैं। ऐसे में हर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करे।

उन्होंने कहा कि मतदान के दिन छुट्टी या पिकनिक न मनाएं, क्योंकि पिकनिक मनाने के लिए पांच साल है, जबकि देश के लिए वोटिंग करने के लिए एक दिन मिलता है। आधुनिक, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी का ये दायित्व है कि वह मतदान अवश्य करे।

योगी गुरुवार को यहां राजाजी पुरम में लखनऊ लोकसभा सीट के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रक्षामंत्री और पार्टी प्रत्याशी राजनाथ सिंह की उपस्थिति में उनके लिए जनता से वोट की अपील की और कहा कि पूरे देश में हर ओर एक ही नारा गूंज रहा है। हर एक के मन में एक ही संकल्प है 'अबकी बार 400 पार, फिर एक बार मोदी सरकार' और एक ही स्वर गूंज रहा है, 'जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे'। उन्होंने कहा कि आज का भारत श्रेष्ठ भारत है। इस नये भारत का दुनिया में सम्मान हो रहा है। इसकी सीमाएं सुरक्षित हैं, इसने आतंकवाद और नक्सलवाद पर नकेल कसी है। हमने आधुनिक विश्व के सबसे अच्छे इन्फ्रास्ट्रक्चर, हाईवे, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, रेलवे, एयरपोर्ट के रूप में दिया है। वर्ल्ड क्लास युनिवर्सिटी अपने देश के युवाओं का समर्पित किया है। इस नये भारत के शिल्पी देश के यशस्वी प्रधानमंत्री और दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी हैं।

योगी ने कहा “ मोदी जी के कार्यकाल में कोरोना महामारी आई थी। अक्सर 100 साल में ऐसी महामारी फैलती है। महामारी में बीमारी के साथ साथ भुखमरी में लोग मरते हैं। पहली बार बीमारी और महामारी को लेकर दुनिया में सबसे अच्छा प्रबंधन कोरोना काल में मोदी जी के नेतृत्व में हुआ। 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन लगातार 4 साल से दिया जा रहा है और अगले 5 साल भी दिया जाएगा।”

उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि ये सभी सुविधाएं किसी का मत, मजहब, जाति और क्षेत्र देखे बिना, सबका साथ सबका विकास की भावना से दी गई हैं।

योगी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा, कांग्रेस और आप के अध्यक्ष आजकल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। चुनाव के दौरान उन्हें जनता के बीच जाना चाहिए, मगर इनके कारनामे ऐसे हैं कि जनता अब इन्हें नहीं सुन रही, तो प्रेस कॉन्फ्रेंस करना पड़ रहा है। इन्हें आतंकवाद, भ्रष्टाचार और नक्सलवाद पर बोलना चाहिए। सपा कहती है कि आटा और डाटा देंगे, इन्हें तो माफिया के बारे में कुछ बोलना चाहिए। सपा कार्यकाल के दंगों की चर्चा भी करनी चाहिए।

केजरीवाल पर पलटवार करते हुए योगी ने कहा कि उनको जेल का साइड इफेक्ट हो गया है। ये बड़ी अजीब विडंबना है कि कोई सीएम पेरोल पर है। जेल से आने के बाद वो भविष्यवक्ता बन गये हैं अैर मेरे बारे में बात कर रहे हैं। इन्हें मेरे नहीं अपने और अपनी पार्टी के बारे में बात करना चाहिए।

मुख्यंमत्री ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में श्रीराम मंदिर के रूप में 500 साल की समस्या का समाधान हुआ है। ये कांग्रेस और सपा की दी हुई समस्या थी। कांग्रेस कहती थी कि राम हुए ही नहीं, सपा कहती थी कि परिंदा भी पर नहीं मारेगा। आज वहां न केवल प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है, बल्कि भगवान ने अपना पावन जन्मोत्सव और होली भी अपने जन्मस्थान पर मनाया है। यह कार्य मोदी जी के नेतृत्व में हुआ है, मगर इसका श्रेय जनता को जाता है। अगर भाजपा की सरकार न होती तो कांग्रेस और सपा इस कार्य में बैरियर थीं। कांग्रेस और सपा देश की समस्या हैं, जबकि भाजपा समाधान है।

वार्ता

Similar News