बृजभूषण के अरमानों पर फिरा पानी-कुश्ती संघ को किया निलंबित
बृजभूषण शरण सिंह के करीबी कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष संजय सिंह द्वारा लिए गए सभी फैसले भी रद्द कर दिए गए हैं।
नई दिल्ली। भारत कुश्ती महासंघ के इलेक्शन पर मची रार के बाद भारतीय खेल मंत्रालय ने एक बड़ा फैसला लेते हुए नवनियुक्त भारतीय कुश्ती संघ को निलंबित कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष संजय सिंह द्वारा लिए गए सभी फैसले भी रद्द कर दिए गए हैं।
रविवार को हुए एक बड़े घटनाक्रम के अंतर्गत भारतीय खेल मंत्रालय ने नवनियुक्त भारतीय कुश्ती संघ को निलंबित कर दिया है। माना जा रहा है कि नये कुश्ती संघ के निर्वाचन को लेकर खिलाड़ियों की ओर से किये जा रहे विरोध की वजह से भारतीय खेल मंत्रालय द्वारा यह बड़ा फैसला लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि महिला पहलवानों की ओर से लगाएं गए आरोपों के बाद भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।
हाल ही में दो-तीन दिन पूर्व हुए कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पद के चुनाव में जब भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह चुनाव जीत गए तो बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह अपनी छाती चौड़ी करके घूमते हुए उनका विरोध करने वाले पहलवानों को ही अपने निशाने पर लेने लगे थे।
भारत कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद पर संजय सिंह के निर्वाचन के बाद देश की दिग्गज पहलवान साक्षी मलिक ने बाकायदा प्रेस कांफ्रेंस बुलाकर कुश्ती छोड़ने का ऐलान कर दिया था।
उनके बाद पदमश्री से सम्मानित बजरंग पूनिया ने भी अपने पदमश्री को वापस लौटाते हुए उसे प्रधानमंत्री आवास के सामने फुटपाथ पर रख दिया था।
बजरंग पूनिया के अलावा हरियाणा के पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह उर्फ गूंगा पहलवान ने भी शनिवार को पद्मश्री लौटने का ऐलान कर दिया था।