भाजपा सरकार ने किया घरेलू अर्थव्यवस्था को चौपट- अखिलेश

BJP government ruined the domestic economy - Akhilesh

Update: 2023-02-07 15:08 GMT

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार दूध के दाम और बस-ऑटो का किराया बढ़ाकर घरेलू अर्थव्यवस्था को चौपट कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में सफर भी मंहगा हो गया है। सामान्य बस सेवाओं का किराया 25 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर बढ़ाने से अब परिवहन सेवाओं की दर में एक रूपए 30 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर की बढ़ोत्तरी हो गई है। वहीं अमूल ने अपने दूध उत्पादों के दाम बढ़ाए, फिर पराग ने भी दाम बढ़ा दिए। इससे बच्चों के दूध में कटौती होगी।

उन्होने कहा कि केन्द्रीय बजट के साथ भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जनता पर मंहगाई की मार पड़ना शुरू हो गई हैं। लोग त्राहि-त्राहि करने लगे हैं। लोग कैसे अपनी गृहस्थी चलाएं और कैसे जीवनयापन करें यह सवाल अब सभी को परेशान कर रहा है। जनता को अब पूरा विश्वास हो चला है कि भाजपा सरकार पूंजीघरानों की संरक्षक सरकार है, पूंजीपति मित्रों को लम्बे-लम्बे कर्ज देने वाली सरकार है, उससे देश की अर्थव्यवस्था भले ही बने या बिगड़े।

रोडवेज बसों के साथ ही लखनऊ शहर में ऑटों का किराया भी बढ़ गया है। अब यात्रियों को प्रति किलोमीटर के लिए लगभग 10.58 रूपए किराया देना होगा। रोडवेज का किराया वर्ष 2012 से 2014 तक प्रतिवर्ष और फिर वर्ष 2016-2017 तथा 2020 और 2023 में बढ़ाया गया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार का जो हाल में केन्द्रीय बजट पेश हुआ, उसमें मंहगाई रोकने का कोई उपाय नज़र नहीं आ रहा है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में कहीं कमी नहीं हुई।

वार्ता

Similar News