यूपी चुनाव के बाद इस दल ने किया पुनर्गठन- की प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति
राष्ट्रीय महासचिव की ओर से पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष पद पर मनोनयन किये गये है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 18 वीं विधानसभा के गठन के लिए हुए चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करके इलेक्शन लड़ने वाली प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव की ओर से पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष पद पर मनोनयन किये गये है।
शुक्रवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव की ओर से जारी किए गए मनोनयन पत्र के मुताबिक आशुतोष त्रिपाठी को युवजन सभा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नितिन कोहली को यूथ ब्रिगेड का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर दिनेश यादव की नियुक्ति की गई है। इंजीनियर मोहम्मद अलीम खान को लोहिया वाहिनी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पद पर अनिल वर्मा की तैनाती की गई है। शम्मी वोहरा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष बनाई गई है। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पद पर संगीता यादव की तैनाती की गई है। अजीत चौहान को अधिवक्ता सभा के प्रदेश अध्यक्ष का प्रभार सौंपा गया है। रवि यादव को शिक्षक सभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
मनोनीत किए गए सभी प्रदेश अध्यक्षों को भेजे गये मनोनयन पत्र में अपेक्षा की गई है कि उन सभी के प्रयासों से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत तथा प्रभावशाली एवं संगठित करने में सहायता मिलेगी।